बिलासपुर में नगर पालिक निगम के स्वच्छता निरीक्षक पद पर कार्यरत टीम के सदस्य पवन चौहान ने सिरगिट्टी और अजाक थाना सरकंडा के थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मुन्ना सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ड्यूटी के दौरान निगम की स्वच्छता टीम बस से शहर में प्रतिबंधित पॉलिथिन की जांच कर रही थी। इसी दौरान तिफरा यदुनंदन नगर क्षेत्र स्थित एक किराना दुकान से प्रतिबंधित पॉलिथिन जब्त की गई और संचालक को इस संबंध में समझाइश दी गई। आवेदन के अनुसार, इसी बीच दुकानदार ने अपने मकान मालिक से फोन पर बात कराई, जिसके बाद निगम कर्मचारी से फोन पर अभद्र भाषा में बातचीत की गई और उसकी मां-बहन को लेकर अशोभनीय गाली-गलौज की गई। प्रार्थी ने पूरी बातचीत अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। आवेदन में आरोपी का नाम और मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया गया है। फिलहाल शिकायतकर्ता ने अजाक थाना और सिरगिट्टी पुलिस थाने में शिकायत देकर रिकॉर्डिंग की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।