फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: खराब मोबाइल को लेकर नाराज हुई 9वीं की छात्रा, घर में फांसी लगाकर दी जान, पिता ने कही थी ये बात

Sun, 02 Aug 2026 07:13 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बिलासपुर

बिलासपुर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां खराब मोबाइल तुरंत ठीक नहीं होने से नाराज 9वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पिता काम पर गए हुए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक 9वीं कक्षा की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा अपने खराब मोबाइल को लेकर परेशान थी। पिता ने पैसे मिलने के बाद मोबाइल ठीक कराने की बात कही थी, जिसके कुछ देर बाद छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार, मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। उनकी बेटी वंशिका पाण्डेय अंबेडकर स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसका मोबाइल खराब हो गया था, जिसे ठीक कराने की उसने अपने पिता से मांग की थी।

बताया जा रहा है कि 1 अगस्त को पिता ने वंशिका से कहा कि काम का पैसा मिलने के बाद मोबाइल ठीक करा देंगे। इसके बाद वह काम पर चले गए। घर में अकेली वंशिका ने कमरे में पंखे की हुक से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

कुछ देर बाद उसका चचेरा भाई नहाने के लिए गया और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो वंशिका फंदे पर लटकी हुई थी। उसने तुरंत शोर मचाया। परिजन मौके पर पहुंचे और फंदा काटकर छात्रा को नीचे उतारा। उसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें