पटना के बाढ़ अनुमंडल के आथमगोला पुलिस स्टेशन अंतर्गत हासनचक गांव में होली के मौके पर पुराने विवाद को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के पांच युवक घायल हो गए, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
पूर्व से चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, हासनचक गांव के एक टोला के चार युवक दूसरे टोला की ओर होली खेलने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही युवक दूसरे टोला के समीप पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन पर पीछे से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो होली के दिन हिंसक झड़प में बदल गया।
गांव के लोगों ने किया बीच-बचाव
हमले में एक युवक का सिर फट गया, जबकि दूसरे का कान और तीसरे का हाथ जख्मी हो गया। सभी घायलों को परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में आपसी रंजिश में किशोर को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
गांव में तनाव का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन सक्रिय होता तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी। मामले में जब अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार नवनीत से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।