बुधवार रात को रेलवे स्टेशन पर एक महिला समेत दो लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों रेलवे लाइन पार कर रहे थे और अचानक मालगाड़ी आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात को लक्सर कस्बे के शुगर मिल कालोनी निवासी 35 वर्षीय दिलीप कुमार और पथरी थानाक्षेत्र के बुक्कनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सरवेश देवी रेलवे स्टेशन पर थीं।
रात करीब साढ़े दस बजे दोनों प्लेट फार्म संख्या दो से प्लेट फार्म संख्या तीन पर जा रहे थे। ओवरब्रिज के बजाए दोनों रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी बीच सहारनपुर की ओर से एक मालगाड़ी आ गई।
मालगाड़ी की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सरवेश देवी को हरिद्वार तथा दिलीप कुमार को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। थानाध्यक्ष के मुताबिक दोनो मृतकों का पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।