साहब! मेरी तीन बेटियां हैं। दहेज के लिए ससुराली प्रताड़ित करते हैं। जादू टोने में विश्वास रखने वाली सास पोते की चाह में उसकी सबसे छोटी बेटी की बलि देने की कोशिश कर चुकी है।
सास अपने लड़के की दूसरी शादी कराने की कोशिश में है और तीन बेटियां जनने की सजा उसे दे रही है। जनता दरबार में महिला का दर्द सुनकर कप्तान ने गंभीर रुख लेते हुए आरोपी ससुरालियों के खिलाफ एएसपी काशीपुर को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित पुलिस लाइन में कप्तान अनंत शंकर ताकवाले ने जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी विशाखा ने कहा कि उसकी पुत्री स्वाती को ससुरालियों ने जलाकर मार दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही है।