मंडी में नहीं गलियों में सब्जियों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। शहर की एकमात्र ज्वालापुर सब्जी मंडी में सब्जियों की आवाक में कोई कमी नहीं है। दरअसल, पहाड़ों में आपदा के चलते सब्जी की आपूर्ति नहीं हो पा रहीं है।
ऐसे में पहाड़ जाने वाली सब्जियां भी यहीं खपानी पड़ रही है। ऐसे में मंडी में सब्जियों की भरमार है और दाम भी औसतन ठीक हैं। लेकिन दूसरी ओर मंडी में सब्जी की आपूर्ति कम होने की हवा बनाकर फुटकर विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं।
स्थिति इतनी बुरी है कि मंडी के बाहर निकलते ही सब्जियों के दाम कई गुना बढ़ जाते हैं। ज्वालापुर सब्जी मंडी आढ़ती गौतम ने बताया कि मंडी में सब्जियों की कोई कमी नहीं है। मंडी निरीक्षक राजवीर सिंह का कहना है कि मंडी में सब्जियों की कोई कमी नहीं है। फिलहाल सभी सब्जियों की आवक ठीक है।
भाव पर एक नजरः
सब्जी मंडी भाव बाजार भाव टमाटर 25 60 लौकी 8 20 शिमला मिर्च 40 80 भिंडी 15 30 प्याज 20 30 आलू मीठा 10 15 आलू पहाड़ी 15 25 बैंगन 20 40 खीरा 10 20 तोरी 16 25 कद्दू 6 20 फूलगोभी 30 60 करेला 12 30 हरी मिर्च 20 60 लहसुन 50 150 (नोट- सभी दाम रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से)
सब्जी मंडी में गिरे आम के दाम
इस वर्ष पहाड़ों में आपदा आने से गढ़वाल की सप्लाई पूरी तरह बंद है। ऐसे में सारा माल यहीं डंप हो रहा है। जिस कारण यहां आम के अच्छे दाम नहीं मिल पा रहे हैं।
ज्वालापुर मंडी में फलों के आढ़ती इमरान मंसूरी ने बताया कि जो आम बीते साल 15 रुपये प्रति किलो की दर से बिकता था, वह इस वर्ष पांच से सात रुपये प्रति किग्रा की दर से बेचा जा रहा है।
साथ्ा ही कहा कि मंडी के अंदर फुटकर दाम में आम दशहरी 15 से 20, लंगड़ा 20 से 25, चौसा 28 से 30 रुपये प्रति किग्रा की दर से बेचा जा रहा है। कहा कि गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष मुनाफा कम हो रहा है।
नहीं आयी बाजार में लीची
आढ़ती सुभाष ने बताया कि इस साल असमय बरसात के होने से लीची बाजार में नहीं आयी। जो बाग खरीद रखे थे, उनकी लीची बरसात से पेड़ से झड़कर खराब हो गयी। बाग मालिकों को पूरा पैसा चुकता करना पड़ा। लीची से इस वर्ष कोई मुनाफा नहीं हुआ।