छटांगाधार में भारी बोल्डर गिरने से यमुनोत्री हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। यहां मलबा साफ कर हाईवे खोल तो दिया गया है, लेकिन चट्टान से मलबा रुक-रुककर गिरने से आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है।
यमुनोत्री हाईवे पर छटांगाधार भूस्खलन नासूर बनता जा रहा है। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यहां सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रहे कटान की वजह से आए दिन भूस्खलन सक्रिय होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। बुधवार सुबह करीब दस बजे यहां पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे यहां यातायात अवरुद्ध हो गया। निर्माण एजेंसी ने मशीनों से मलबा साफ कर करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल किया। अभी भी पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा बने होने व सड़क खस्ताहाल होने के कारण इस हिस्से में जोखिम के साथ वाहनों की आवाजाही चल रही है। निर्माण एजेंसी के परियोजना अधिकारी कादिर अहमद ने बताया कि छटांगाधार में सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, जिससे भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौके पर मशीनें तैनात रखकर शीघ्र यातायात बहाल करने के इंतजाम किए गए हैं। जल्द ही इस हिस्से में हाईवे को सुरक्षित यातायात लायक तैयार कर लिया जाएगा।