विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी में पर्यटकों का स्वागत करते होटल कारोबारी।
- फोटो : UTTER KASHI
विश्व पर्यटन दिवस पर शुक्रवार को भटवाड़ी ब्लॉक के नटीण गांव स्थित सिंदूरी नाग देवता मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दयारा विश्व पर्यटन उत्सव समिति की ओर से आयोजित समारोह में लोक गायक नवीन कठैत ने मनमोहक गीतों की प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने रासौं तांदी नृत्य प्रस्तुत कर पर्वतीय लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वामी वियोगानंद सरस्वती और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होटल संचालक जगमोहन रावत को स्वर्गीय चंदन सिंह राणा स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से पर्यटन आधारित उद्योग से जुड़कर आर्थिकी मजबूत करने की अपील भी की। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने भी विचार रखे।
वहीं, पर्यटन विभाग एवं होटल एसोसिएशन की ओर से स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान चलाया गया। होटल कारोबारियों व पर्यटन विभाग के कर्मचारियों ने भटवाड़ी ब्लॉक के नेताला क्षेत्र में सफाई कर जैविक-अजैविक कूड़े का निस्तारण किया। साथ ही पर्यटकों का स्वागत किया। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने पर्यटन विभाग से गंगा किनारे स्नान घाटों और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की मांग की। इस पर जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस मौके पर राजेंद्र पंवार, आशीष कुड़ियाल, बिंदेश कुड़ियाल, प्रकाश भद्री, धनपाल पंवार, धीरज सेमवाल, महावीर राणा, सुधीर ठाकुर आदि मौजूद रहे।