चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के मोरगी गांव में मनरेगा कार्य से लौट रहे चार श्रमिकों पर जंगली सूअरों ने हमला कर घायल कर दिया। घायल एक व्यक्ति को जिला अस्पताल और दो अन्य लोगों को पीएचसी बनचौर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
चिन्यालीसौड़ ब्लाक के दशगी पट्टी में ग्रामीण जंगली सूअरों के आतंक से भयभीत हैं। शनिवार को मोरगी गांव में मनरेगा कार्य कर लौट रहे श्रमिक मोहन लाल, रविदत्त, रोशन लाल व बृजमोहन पर हमला कर दिया।
घायलों को पीएचसी बनचौर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायल मोहन लाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई।
जिला पंचायत सदस्य बिमला नौटियाल, ग्रामीण जयप्रकाश भट्ट, प्रेम लाल नौटियाल, बाल गोविंद भट्ट ने वन विभाग से जंगली सूअरों के आतंक से निजात दिलाने एवं हमले में घायल हुए लोगों को मुआवजा देने की मांग की है।