मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने ढाई साल पहले आपदा से उजड़े उत्तराखंड को संवारने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने पूर्व सीएम विजय बहुगुणा एवं पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने ऐन वक्त उत्तराखंड की जनता के साथ धोखा किया, उनको अब जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ व पुरोला और टिहरी जिले के लंबगांव में कांग्रेस की चुनावी सभाएं संबोधित की। यमुनोत्री से कांग्रेस प्रत्याशी संजय डोभाल के पक्ष में शक्तिपुरम कालोनी के अंबेडकर पार्क में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश के उन गिने चुने राज्यों में शामिल हो गया है, जिनकी आर्थिक विकास दर तेजी से बढ़ रही है। दोपहर में हेलीकॉप्टर से चिन्यालीसौड़ पहुंचे मुख्यमंत्री ने पीपलमंडी और चिन्यालीसौड़ बाजार में रोड शो कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
पुरोला में पार्टी प्रत्याशी राजकुमार के समर्थन में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कांग्रेस ने 2020 तक राज्य से गरीबी दूर करने का संकल्प लिया है। इस मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष राजी सिंह राणा, राजपाल रावत, जगदीश गुंसाई, सकलचंद रावत, प्रत्याशी राजकुमार आदि मौजूद थे। इस अवसर पर भाजपा छोड़ सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली।
प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम नेगी के समर्थन में माजफ (लंबगांव) में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में राज्य के विकास में कोई सहयोग नहीं किया है। उनकी सरकार ने प्रतापनगर के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। क्षेत्र को ओबीसी में शामिल करने, सौ से अधिक सड़कों, स्कूलों का उच्चीकरण, आईटीआई, पालीटेक्निक से लेकर कई महत्वपूर्ण संस्थान यहां स्थापित किए गए हैं।
विक्रम नेगी ने भी उपलब्धियां गिनाई। सभा में प्रवीन भंडारी, सब्बल सिंह राणा, देवी सिंह पंवार, उदय रावत, प्रदीप रमोला, रतन सिंह रावत, दिनेश महर, राकेश कंडियाल, सुंदर लाल आर्य, धनवीर रावत, अनिल मठियाल, शिवराज रावत, शूरवीर भंडारी आदि मौजूद थे।