कोटी गांव के महिला और युवक मंगल दल की बैठक में लिया गया निर्णय
उत्तरकाशी। धनारी क्षेत्र के कोटी गांव के महिला और युवक मंगल दल की ओर से एक सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जो भी परिवार शादी और अन्य समारोह में शराब परोसेगा। उसके किसी भी सदस्य के हाथ का ग्रामीण भोज भी नहीं करेंग। वहीं उस परिवार पर 51 हजार की धनराशि का अर्थदंड लगाया जाएगा।
बैठक में सभी महिलाओं और युवाओं ने निर्णय लिया कि गांव के किसी भी समारोह में शराब नहीं पिलाई जाएगी। साथ ही कोई भी व्यक्ति अपने घर में शराब नहीं रखेगा। वहीं, अगर कोई शराब बांटते हुए पाया गया तो बैठक में निर्धारित अर्थदंड का उस परिवार से वसूल कर गांव की नागणी माता के कोष में जमा किया जाएगा।
महिलाओं ने कहा कि गांव में किसी भी घर में शादी होगी तो उसमें कोई भी व्यक्ति बाहर से भी शराब पीकर नहीं आएगा। अगर ऐसा करते हुए कोई पाया गया तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि शादी सहित अन्य समारोह में शराब के बंटने के कारण माहौल खराब होता है। साथ ही महिलाएं और बच्चे असहज महसूस करते हैं। इसलिए गांव की भलाई को देखते हुए इस निर्णय पर सब लोग अमल करेंगे। वहीं जो इस पर अमल नहीं करेगा तो उस परिवार का बहिष्कार के साथ ही उनके सदस्यों के हाथ से कोई भोज भी नहीं करेगा।