बड़कोट में रात्री अवैध खनन का निरीक्षण करते एसडीएम। स्रोत सूचना
बड़कोट। डीएम प्रशांत आर्य के निर्देश पर राजस्व विभाग की दो टीमों ने तहसील के विभिन्न स्थानों पर अवैध खनन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रातभर चले अभियान में छह वाहनों पर अवैध खनन की गई सामग्री पकड़ी गई। सभी वाहनों पर ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी की ओर बीती बुधवार देर रात टीम के साथ बड़कोट से खरादी, बड़कोट से मुंगरा पुल, नौगांव क्षेत्र में दो टीम बनाकर औचक निरीक्षण किया गया। इसमें एक टीम तहसीलदार के नेतृत्व में मुंगरा पुल और दूसरी टीम खरादी की ओर से उपजिलाधिकारी की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। रातभर चले अभियान में पौंटी पुल के निकट एक ट्रैक्टर, उपराड़ी रो के पास दो टिप्पर अवैध मिट्टी भरे, एक ट्रक छटांगा, एक ट्रक बड़कोट पार्किंग के पास ओवर लोड रोड़ी और एक पिकअप बगासु के निकट अवैध रेता भरी पकड़ी गई।
सभी वाहनों के रात को ही ऑनलाइन चालान किया गया है। एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि तहसील स्तर पर लगातार कार्यवाही की जा रही है जो आगे भी जारी रहेगी। इसमें जो भी वाहन अवैध परिवहन करते पकड़ा जाएगा या कोई भी स्टोन क्रशर अवैध खनन में लिप्त पाया जाएगा। उस पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। टीम में एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेनू सैनी, नायब तहसीलदार खजान सिंह असवाल आदि मौजूद रहे। संवाद