नगर पालिका क्षेत्र जोशियाड़ा कस्बे में मोटर पुल से लेकर झूला पुल तक जाने वाले मोटरमार्ग पर बृहस्पतिवार से 12 दिन तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मोटरमार्ग के इस हिस्से पर सीसी कार्य कराए जाने के कारण लोनिवि प्रांतीय खंड वाहनों की आवाजाही बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
चारधाम यात्रा के बाईपास मार्ग के रूप में जोशियाड़ा मोटरमार्ग महत्वपूर्ण है। इसपर जोशियाड़ा झूला पुल से मोटरपुल तक सालों पहले सीसी कार्य हुआ था, जो वर्ष 2012-13 की बाढ़ के बाद से बदहाल है। कई जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि कई बार इस मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग कर चुके हैं। इसी समस्या को देखते हुए अब लोक निर्माण प्रांतीय खंड भटवाड़ी सीसी कार्य कराने जा रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता आरएस खत्री ने बताया कि 20 मजदूर लगाए जा रहे हैं। चार से पांच दिन में सीसी कार्य पूरा हो जाएगा। इसे सेट होने में कुछ और समय लगेगा। इसी कारण वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। उन्होंने जन सुविधा के लिए हो रहे सीसी कार्य में विभाग का सहयोग करने की अपील की।
ये रहेगी यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था
जोशियाड़ा में वाहनों की आवाजाही बंद होने पर थलन, मानपुर, अलेथ, धौंतरी व लंबगांव क्षेत्र को आने-जाने वाले वाहन तेखला पुल-लदाड़ी और लदाड़ी, बौंगा, भैलूड़ा, कोठियाल गांव व निम को आने-जाने वाले वाहन जोशियाड़ा पुल से बैराज होते हुए उत्तरकाशी बाईपास डांग गांव होते हुए जा सकते हैं।