उत्तरकाशी। श्री केदार जन विकास समिति डुंडा की ओर से ग्राम पंचायत अठाली में महिला मंगल दल के सहयोग से वसंत पंचमी के त्योहार को प्रकृति नमन दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि वसंत पंचमी न केवल विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना का दिन है, बल्कि यह ऋतु परिवर्तन और प्रकृति के नवनिर्माण का उत्सव भी है।
इस मौके पर घराट शृंखला के संस्थापक अनिल डंगवाल ने कहा कि प्रकृति सर्वोपरी है। वसंत पंचमी के दिन हम सरसों के पीले फूलों, आम्र-मंजरी, हरियाली के सौंदर्य का स्वागत करते हैं। यह दिन हमें सिखाता है कि प्रकृति के चक्र का सम्मान करें और उसके साथ सामंजस्य स्थापित करें। वहीं इस मौके पर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस मौके पर देवेश कोठारी, राम कुमार, जितेंद्र गुसांई, रोशनी राणा आदि मौजूद रहे। संवाद