राजकीय इंटर कॉलेज कंडारी में आयोजित हुई कार्यशाला
उत्तरकाशी। राजकीय इंटर कॉलेज कंडारी में आयोजित परीक्षा एक उत्सव के तहत वक्ताओं ने कहा कि परीक्षाओं के समय बच्चों के साथ अभिभावकों की अहम भूमिका होती है। साथ ही इस दौरान आयोजित निबंध, चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के पहले सत्र में परीक्षा एक उत्सव पर परिचर्चा की गई। प्रधानाचार्य नरेश रावत ने कहा कि अभिभावकों को परीक्षा की तैयारी के लिए घर पर एक सकारात्मक माहौल बनाना चाहिए। बच्चों के मनोबल बढ़ाने के लिए उनके ऊपर से मानसिक दबाव को कम करना चाहिए। वहीं इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षकों से इस संबंध में प्रश्न पूछे।
दूसरे सत्र में समग्र शिक्षा अभियान के तहत किशोरावस्था शिक्षा एवं कॅरिअर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने छात्रों को किशोर अवस्था में आने वाले बदलाव के विषय में विस्तार से बताया। वहीं डॉ. सुधांशु कपिल, मीनाक्षी कपिल, डॉ योगेश ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवसर पर आयोजित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं नीरज राणा, अमिशा डबराल, शीतल पंवार, खुशी चौहान, ध्रुव नौटियाल, आयुषी गौड़, कनिका, रिया, प्रवीन, दिव्यांशु आदि को पुरस्कृत किया गया। संचालन अनिल बहुगुणा ने किया। इस मौके पर सुरेश गौड़, मुकेश गौड़, नितेश चौहान, इन्द्र सिंह नेगी, फौजदार सिंह, विनोद मल्ल आदि मौजूद रहे।