जनपद में 15 से 18 आयु सीमा के किशोर-किशोरियों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनपद के 155 इंटर कालेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को वैक्सीनेशन किया जाना है।
तीन जनवरी से देशभर में 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों को वैक्सीनेशन किया जाना है। इस संबंध में सीएमओ डा. केएस चौहान ने शुक्रवार को पत्रकारों से वार्ता की। सीएमओ ने कहा कि तीन जनवरी से जनपद के सभी इंटर कालेजों में वैक्सीनेशन अभियान शुरू होना है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने उन्हें 15 से 18 आयु वर्ग के 15799 छात्र-छात्राओं का डाटा उपलब्ध कराया है। उक्त आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को दोनों डोज 28 दिन के अंतराल में लगाई जानी है। वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां कर ली है। पत्रकार वार्ता में एसीएमओ/कोविड टीकाकरण के नोडल अधिकारी डा. विपुल कुमार विश्वास भी मौजूद रहे।
दिव्यांग व ड्राप आउट बच्चों का नहीं है डाटा
स्वास्थ्य विभाग के पास अभी केवल स्कूली छात्र-छात्राओं का ही डाटा है, लेकिन उक्त आयु वर्ग के जो किशोर-किशोरियां स्कूल नहीं जाते हैं या फिर दिव्यांगता के चलते घर पर ही हैं, उनका विवरण स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। सीएमओ ने बताया कि इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं से सर्वे कराया जाएगा। दिव्यांग किशोर किशोरियों का विवरण समाज कल्याण विभाग से लिया जाएगा।