उत्तरकाशी। जिले में दो और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक दिल्ली से बड़कोट क्षेत्र में लौटा प्रवासी है, जबकि दूसरी महिला जिला मुख्यालय के निकट बनाए गए कंटेनमेंट जोन से है। यह बीती 25 जून को कोरोना संक्रमण से मृत युवक की रिश्तेदार है। जिले में अभी तक चार ऐसे पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिनका कोई यात्रा इतिहास नहीं रहा है।
जिला अस्पताल के वार रूम में तैनात डॉ. बीएस रावत ने बताया कि बड़कोट में लौटा प्रवासी होम क्वारंटीन था। बीती 25 जून को उसका सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजा गया था। उधर, पॉजिटिव पाई गई महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। संक्रमण के नए मामलों के साथ जिले में अब कुल 66 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें से 21 एक्टिव केस हैं।
टिहरी के पांच गांव कंटेनमेंट जोन से बाहर
बीते 28 दिन में संक्रमण का कोई नया मामला सामने न आने पर फैसला
अब जिले में केवल 35 एक्टिव केस, 381 लोग ठीक होकर लौटे घर
अमर उजाला ब्यूरो
नई टिहरी।
प्रशासन ने जिले के पांच गांवों को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया है। इन गांवों में बीते 28 दिनों में संक्रमण का एक भी नया मामला नहीं मिला। जिले में अब केवल दो कंटेनमेंट जोन रह गए हैं। जिले में कोरोना के 416 मरीज सामने आए हैं, जिनमें से केवल 35 एक्टिव केस हैं।
डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि मंगलवार को भिलंगना ब्लॉक स्थित ग्यारहगांव क्षेत्र के ढुंग-धारगांव, अखोड़ी, गवाणा मल्ला, जखन्याली और जाखणीधार ब्लॉक के जेलम गांव को कंटेनमेंट से बाहर किया गया है। इन गांवों की लगातार मॉनिटरिंग को कहा गया है।
इसके साथ ही इन गांवों में लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने, मास्क का इस्तेमाल करने को कहा गया है। बताया कि स्वास्थ्य विभाग अभी तक 4,135 लोगों की सैंपलिंग कर चुका है। इनमें से 3,170 की रिपोर्ट नेगेटिव मिली है। 269 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। 1,846 लोग संस्थागत और 2,993 लोग होम क्वारंटीन हैं।
पांडुवाखाल में हो रही बाहरी लोगों की स्क्रिनिंग
गैरसैंण। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चमोली और अल्मोड़ा जिले की सीमा पांडुवाखाल में चिकित्सा विभाग, पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम बाहर से आने वाले प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग कर रही हैं। उन्हें होम्योपैथी दवा आर्सेनिक एलबम भी दी जा रही है। चेकपोस्ट पर तैनात फार्मेसिस्ट राहुल पैन्यूली के मुताबिक रोज करीब 80 से अधिक लोगों की हमेशा यहां पर स्क्रिनिंग की जा रही है। मौके पर फार्र्मेसिस्ट भवान सिंह राणा, पुलिसकर्मी कुलदीप शाह, देवेंद्र मिंगवाल, बासुदेव मलेठा, रमेश मौजूद रहे
कोरोना जांच के लिए पूल सैंपल लिए
कोटद्वार। स्वास्थ्य विभाग ने सनेह के लालपानी और भाबर के मोटाढांक से कोरोना जांच के लिए 108 लोगों के पूल सैंपल लेकर एम्स ऋषिकेश भेजे हैं। दुगड्डा ब्लाक के प्रभारी चिकित्साधिकारी और नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डा. शैलेंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि बुधवार को लालपाली और भाबर क्षेत्र के मोटाढांक से 108 लोगों के पूल सैंपल लिए गए] जिन्हें कोरोना जांच के लिए ऋषिकेश एम्स भेज दिया गया है। बताया कि बुधवार को मोटाढांक और झंडीचौड़ से पूल सैंपल लिए जाएंगे।