ब्लाक मोरी में भारी बारिश से मलबा आने के कारण फफराला गदेरे में पानी बढ़ने से नैटवाड़ सांकरी मार्ग का अत्यधिक भाग क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में गोविंद वन्य जीव विहार क्षेत्र के 22 गांवों को तहसील मुख्यालय आने के लिए 6 किमी अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
बीते मंगलवार रात को फफराला गदेरे में पानी बढ़ने के कारण नैटवाड़ सांकरी मार्ग का करीब सौ मीटर भाग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे सांकरी-जखोल, सांकरी- तालुका, जखोल-लिवाड़ी मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। इन मोटर मार्गों के बंद होने से गोविंद वन्य जीव विहार क्षेत्र के 22 गांवों के ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय आने के लिए 6 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीण नैटवाड़-कोटगांव-सांकरी बाईपास से होकर तहसील मुख्यालय पुरोला पहुंच रहे हैं। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि फफराला गदेरे के कारण करीब 50 मीटर लंबी दीवार के टूटने के साथ ही सड़क का लगभग 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। गदेरे में अभी भी बहुत अधिक पानी है, पानी के कम होने पर यहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।