पुरोला। राजकीय इंटर कालेज मोरी में दो छात्रों के बीच हुए झगड़े में एक की मौत होने के मामले में हिरासत में लिए गए छात्र को न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। उधर मृत छात्र का सोमवार को धौला में रूपिन नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। हालात सामान्य होने पर सोमवार को मोरी बाजार खुल गया, लेकिन समुदाय विशेष के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
शनिवार को राइंका मोरी में दो छात्रों के बीच हुई मारपीट में एक छात्र की मौत हो गई थी। घटना पर रोष जताते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों ने रविवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस उपनिरीक्षक नवीन ने बताया कि आरोपी नाबालिग छात्र के खिलाफ भादंसं की धारा 302 में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर नाबालिग छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। उधर छात्र की मौत से पूरी फतेहपर्वत पट्टी में मातम छाया हुआ है। छात्र के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को मुआवजा और पेंशन का आश्वासन देने के बाद मोरी में हालात सामान्य हो गए हैं। सोमवार को मोरी बाजार आम दिनों की तरह खुला। हालांकि समुदाय विशेष के व्यापारिक प्रतिष्ठान सोमवार को भी बंद रहे। बता दें कि छात्र की मौत के बाद हुए बवाल के समय ग्रामीणों ने बैठक कर समुदाय विशेष के लोगों को नोटिस देकर घर-दुकान खाली कराने का निर्णय लिया था।