यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
बड़कोट। यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर सरकारी व्यवस्थाओं की उदासीनता का एक और मामला सामने आया है। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के बैठने के लिए लगाए गए बेंच पर पिछले एक वर्ष से पेड़ गिरा हुआ है लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नौ कैंची से ऊपर उस स्थान पर जहां गत वर्ष आपदा आई थी पेड़ गिरने से बेंच क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे श्रद्धालुओं को बैठने की सुविधा नहीं मिल पा रही है और पैदल मार्ग पर आवाजाही में भी दिक्कत हो रही है। मजदूर नेता महावीर पंवार और मंगल सिंह रावत ने बताया कि पेड़ लंबे समय से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आवाजाही करते हैं जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पेड़ के तने को जल्द हटाकर मार्ग को सुगम बनाया जाए।