पीएमजीएसवाई और ठेकेदार की लापरवाही से बदहाल पड़ी है सड़क
उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के दूरस्थ गांव कामर गांव की सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और ठेकेदार की लापरवाही के कारण बदहाल पड़ी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब नौ किलोमीटर लंबी सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है लेकिन विभाग को कई बार इसकी सूचना देने पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कामर गांव की प्रधान राजेश्वरी देवी, प्रकाश राणा, महावीर राणा आदि का कहना है कि उनके गांव के लिए लंबी लड़ाई के बाद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग की ओर से करीब नौ किमी सड़क निर्माण किया गया था। उसके बाद उस पर डामरीकरण करने के बाद विभाग की ओर से सड़क को उसके हाल पर ही छोड़ दिया गया।
वहीं, अब बरसात के बाद सड़क की स्थिति अधिक दयनीय हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण उस पर लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से बात की गई लेकिन उनकी ओर से ठेकेदार पर ठीकरा फोड़कर अपना पल्ला झाड़कर कार्रवाई से बचा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही सड़क का सुधारीकरण नहीं किया गया तो इसके खिलाफ उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेेगा।