उत्तरकाशी। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ लदाड़ी के लोगों ने उन्हें दोबारा ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनको पालिका क्षेत्र में शामिल हुए करीब पांच वर्ष से अधिक का समय हो गया है, लेकिन उनको सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं मिला है। इसलिए अपनी सामाजिक और पारंपरिक आवश्यकताओं को देखते हुए ग्राम पंचायत में शामिल होना चाहते हैं।
वार्ड नंबर 9 लदाड़ी के स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी डीएम डाॅ. मेहरबान सिंह बिष्ट से मुलाकात की। इस मौके पर ललिता सेमवाल, दिनेश सेमवाल, रामकृष्ण, विकास भट्ट, गीता गैरोला, महेंद्र नौटियाल ने कहा कि वर्ष 2018 में उनकी ग्राम सभा लदाड़ी को नगर क्षेत्र में शामिल कर वार्ड नंबर 9 बनाया गया था। कहा कि क्षेत्र में सभी लोग काश्तकार हैं। इसलिए ग्राम पंचायत शामिल होने पर उन्हें वह लाभ मिल पाएगा, जो कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलता है। इस मौके पर दीपक भट्ट, विजयपाल गुसांई, सत्यप्रकाश, परेश्वर सेमवाल, धमेंद्र, किशोर रावत, मुकेश भट्ट आदि मौजूद रहे।