एक सौ मीटर हिस्सा बहा फिर भी काम शुरू नहीं
उत्तरकाशी। बारिश थमने के बाद भी जिले की तीन ग्रामीण सड़कें आवाजाही के लिए नहीं खुल पाई है। रानाचट्टी-निसणी और सौड़-ओसला मोटर मार्ग 11 सितंबर से बंद हैं जबकि 15 किमी लंबा कोटगांव-कलाप मोटर मार्ग 18 अगस्त से बंद पड़ा है। सड़क को बंद हुए एक माह पूरा हो गया लेकिन अब तक क्षतिग्रस्त हिस्से को खोलने का काम शुरू नहीं हो सका है।
कोटगांव-कलाप मोटर मार्ग के किमी आठ में बादल फटने से करीब 100 मीटर सड़क पूरी तरह वॉशआउट हो गई थी। मार्ग बंद होने से कलाप क्षेत्र के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है। हालांकि मार्ग से जुड़े पैदल रास्तों को विभाग ने मरम्मत कर आवाजाही के लिए दुरुस्त कर दिया है लेकिन मोटर मार्ग की बहाली अभी भी प्रक्रिया में ही है।
वाप्कोस मोरी के अधिशासी अभियंता आशीष चौधरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से में सड़क की कटिंग कर नए सिरे से मार्ग बनाया जाना है। इसके लिए वन भूमि की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही एसडीआरएफ मद से बजट के लिए प्राक्कलन जिला प्रशासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह से दस दिन के भीतर काम शुरू होने की संभावना है।
पीएमजीएसवाई पुरोला के अधिशासी अभियंता योगेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की बहाली के लिए करीब 38 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। 15 सितंबर तक सड़क की स्थिति विभाग की निगरानी में थी। इसके बाद मार्ग को बहाल करने की जिम्मेदारी वाप्कोस मोरी को दी गई है। वहीं, रानाचट्टी-निशनी और सौड़-ओसला मार्ग के बंद होने से संबंधित गांवों की आवाजाही भी प्रभावित है। ग्रामीणों ने बंद मार्गों को जल्द खोलने की मांग की है।