बीआरओ पांच पैकेज में करेगा काम, डीएम ने अधिकारियों व क्षेत्रीय लोगों के साथ की बैठक
उत्तरकाशी। बीआरओ की ओर से गंगोत्री हाईवे का चौड़ीकरण जनपद मुख्यालय से लेकर गंगोत्री धाम तक पांच भागों में प्रस्तावित किया है। इसको लेकर सड़क के एलाइनमेंट को लेकर डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बीआरओ और क्षेत्रीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चर्चा कर उनकी राय जानी।
बैठक में बीआरओ कमांडर विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तरकाशी से गंगोत्री तक चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चौड़ीकरण कार्य पांच पैकेज में किया जाना प्रस्तावित है। इसमें पहले पैकेज में गंगोत्री से डबराणी, दसूरे में डबराणी से गंगनानी, तीसरे में गंगनानी से हीना, चौथे में हीना से तेखला और पांचवें पैकेज में तेखला से बड़ेथी तक निर्माण कार्य किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि वर्तमान में चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के दृष्टिगत हाईवे का चौड़ीकरण होना जरूरी है। आने वाले समय में यह संख्या बढ़ेगी। इसके लिए धामों में मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने पैकेज दो में प्रस्तावित डबराणी से गंगनानी तक के निर्माण को लेकर सभी हितधारकों और जनप्रतिनिधियों से विस्तार से चर्चा की। साथ ही सुक्की से झाला तक बीआरओ की ओर से तैयार किए गए लेआउट पर कहा कि योजना को इस प्रकार तैयार किया जाए, जिससे सुक्की, जसपुर, पुराली, झाला गांवों की आर्थिकी प्रभावित न हो। बैठक में पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा सिंह ने भी हाईवे चौड़ीकरण के संबंध में जानकारी दी।
बैठक में डीएफओ डीपी बलूनी, एसडीएम देवानंद शर्मा, मुकेश चंद रमोला, एसडीओ मयंक गर्ग, विनीता रावत, दिनेश रावत, संजय पंवार, मनोज नेगी जितेंद्र राणा, सुनील रौतेला आदि मौजूद रहे।