लोक गायकों ने दी कई प्रस्तुति, सरकारी स्टाल व कलाकारों को किया गया सम्मानित
उत्तरकाशी। माघ मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंचतत्व के लोक गायक अनुराग नौटियाल, अरविंद चौहान, प्रदीप पंचोला के नाम रही। इसके साथ ही माघ मेले का समापन हो गया है। वहीं, माघ मेले मंच पर विभिन्न कलाकारों के साथ ही मैदान में लगी सरकारी स्टाल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रामलीला मैदान में बीते आठ दिनों से माघ मेला चल रहा था। माघ मेले की अंतिम सांस्कृति संध्या की शुरूआत पंचतत्व टीम के लोग गायक अनुराग नौटियाल, अरविंद चौहान, प्रदीप पंचोला ने जय अंबा जगदंबा के भजनों से की। इसके बाद उन्होंने जय बद्री विशाल, सुनीजा बंद, रमसा छोरी, नारू बिजोला, तेरी माया, सिल्की बंद, लैब्रा छोरी गानों की प्रस्तुति से देर रात तक दर्शकों को नाचने में मजबूर कर दिया।
इससे पूर्व मांडों, सिल्याण, निराकोट की महिला मंगल दल की महिलाओं ने रासो नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, जिला पंचायत ने मंच पर विभिन्न कलाकारों और सरकारी स्टाल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही बुधवार दिन को भी रामलीला मैदान में दुकानें लगी हुई थी। जिस पर मेलार्थियों ने खूब खरीदारी की।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला पंचायत सदस्य बबीता, ज्योति राणा, कुलदीप नेगी, हीरा लाल शाह, भरत सिंह, राघवेंद्र उनियाल, मनवीर रावत आदि मौजूद रही।