चूलीखेत उडरी मोटर मार्ग के निर्माण में मानकों का पालन न होने से उडरी गांव के ग्रामीणों में रोष है। मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि तीन माह में ही सड़क का डामरीकरण उखड़ने लगा है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मार्ग के स्थलीय निरीक्षण की मांग करते हुए मानकों और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
उडरी गांव के प्रधान भागचंद बिष्ट के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में गांव के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि चूलीखेत से उडरी तक मोटर मार्ग के निर्माण में कई खामियां हैं। बस अड्डे का निर्माण मानकों के अनुसार नहीं हुआ है। चौड़ाई कम होने से बस व अन्य वाहनों को घुमाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। उडरी गांव को अब तक जोड़ने के लिए रास्ते का निर्माण नहीं हो पाया है। ज्ञापन देने वालों में अमर सिंह, किशन सिंह, राम सिंह, पूर्ण सिंह, बलमा देवी, फुलचंद, अतर सिंह, प्रताप सिंह, भगत सिंह, विनोद सिंह, देव सिंह, धनपाल सिंह, मनोज आदि शामिल रहे।