डुंडा प्रखंड के एक गांव में दस साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक हीरालाल बिजल्वाण ने बताया कि मंगलवार को डुंडा प्रखंड के एक गांव में अनुसूचित जाति के परिवार की एक दस साल की बच्ची को किराये पर दुकान चलाने वाले 28 साल के युवक ने गलत नियत से अपनी दुकान में बुलाया। जहां उसने नाबालिग से छेड़छाड़ की। रोते हुए घर पहुंची बच्ची ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इससे पहले पीड़िता के परिजन पुलिस में तहरीर देते आरोपी युवक दुकान बंद कर फरार हो गया। जिसे बृहस्पतिवार को पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद बड़ेथी से गिरफ्तार किया। सीओ बिजल्वाण ने बताया कि मामले में पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पोक्सो व एससी-एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं में आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में टिहरी जेल भेज दिया गया है।