उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित खेल महाकुंभ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तरकाशी के शिक्षक योगेंद्र सिंह नेगी ने स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बालिका स्कूल में तैनात नेगी ने डिस्कस थ्रो की एफ-57 कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। शिक्षक के रूप में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ खेल के क्षेत्र में उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
.....................................
फोटो
श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के लिए रामलीला मैदान में भूमि पूजन
उत्तरकाशी। सौम्य काशी ब्राह्मण सभा की ओर से प्रस्तावित पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गो प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को रामलीला मैदान में समिति पदाधिकारियों ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया। इस दौरान ब्राह्मणों ने हवन-यज्ञ कर आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। समिति के अध्यक्ष बुद्धि प्रसाद नौटियाल ने बताया कि 18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। यज्ञमंडल बनने से पूर्व भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही इस धार्मिक अनुष्ठान को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही है। इस मौके पर विजय सेमवाल, प्रेम सिंह पंवार, विजय भट्ट, दिवाकर नैथानी, कमल बिजल्वाण, सुनील भट्ट, आदेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।
.............................................................................
दक्षता आधारित प्रश्नपत्र निर्माण कार्यशाला संपन्न
फोटो
बड़कोट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में परख सर्वेक्षण के तहत दक्षता आधारित प्रश्नपत्र निर्माण को लेकर आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गई। इसमें जनपद के विभिन्न विकासखंडों के 30 विषय विशेषज्ञ शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में गणित, हिंदी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और ईवीएस विषयों के प्रश्नपत्र तैयार किए गए। प्रश्नपत्रों में विद्यार्थियों की विषयगत समझ, तार्किक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता और अधिगम स्तर के आकलन पर विशेष ध्यान दिया गया। समापन अवसर पर डायट प्राचार्य संजीव जोशी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी आकलन और गतिविधि आधारित शिक्षण जरूरी है। कार्यशाला समन्वयक बृजेश कुमार मिश्रा ने कार्यशाला में हुई गतिविधियों और प्रश्नपत्र निर्माण की जानकारी दी।