प्रचार-प्रसार नहीं होने से कम लोग ही पहुंच पाए
चिन्यालीसौड़। सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विकासखंड परिसर में सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न विभागों के स्टाल लगए गए हैं लेकिन सभी खाली दिखे। प्रशासन की ओर से प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण शिविर में ग्रामीण नहीं पहुंचे। इससे प्रशासन की ओर से इन शिविरों के आयोजन के लिए की गई तैयारियों पर सवाल खड़ा हो रहा है।
सोमवार को चिन्यालीसौड़ विकासखंड कार्यालय में सेवा पखवाड़ा के तहत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान आम लोगों तक योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल लगाए गए लेकिन इन स्टालों की जानकारी नहीं होने के कारण वहां पर लोगों के नहीं पहुंचने से वह दिनभर खाली रहे। इससे पूर्व क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने और लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए लेकिन बैठक खत्म होते ही सेवा पखवाड़ा शिविर की तस्वीर इन दावों से बिल्कुल उलट नजर आई।
शिविर में प्रमुख रणवीर सिंह महंत, मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, बीडीओ कैलाश चंद रमोला, तहसीलदार धीरेंद्र कुमाई, कनिष्ठ उपप्रमुख भानुप्रिया थपलियाल मौजूद रहे लेकिन जनता की गैरमौजूदगी ने पूरे आयोजन की सफलता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।