भिलंगना प्रखंड में बासर पट्टी की 15 ग्राम पंचायतों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए निर्माणाधीन 20 किमी छतियारा-खवाड़ा मोटर मार्ग पर कड़ाके की ठंड में डामरीकरण किया जा रहा है। लोगों के विरोध के बाद भी एडीबी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे खफा लोगों ने कार्य बंद करने और इसकी जांच की मांग की।
बासर जन संघर्ष समिति के धूम सिंह जखेड़ी, बिक्रम असवाल, राजेंद्रपाल परमार ने कहा कि बासर पट्टी की 15 ग्राम पंचायतों को सड़क से जोड़ने के लिए 1982 में छतियारा-खवाडा 20 किमी मोटर मार्ग स्वीकृत किया गया था। इसका वर्षों बाद प्रथम स्टेज का कार्य पूरा हुआ तो नवंबर 2011 में मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए छह करोड़ 67 लाख रुपये स्वीकृत कर कार्य एडीबी को दिया गया, लेकिन तय समय बाद भी कार्य पूरा नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों के आंदोलन के बाद दबाव में आई कार्यदायी संस्था अब ठंड में डामरीकरण कर महज खानापूर्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि ठंड में डामरीकरण देर से जुड़ता है फिर भी डामर बिछाया जा रहा है। एडीबी घनसाली के अवर अभियंता सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि डामरीकरण 10 डिग्री तापमान तक किया जा सकता है, मार्ग की साइट पर इससे अधिक तापमान है। डामरीकरण कार्य पूरा करने के लिए 30 नवंबर तक समय लिया गया है।