पुरोला। विकासखंड में ई-पॉश मशीनों की तकनीकी खराबी व खाद्यान्न का स्टॉक रिसीव नहीं होने की समस्या के कारण गांवों में सरकारी राशन का वितरण नहीं हो पा रहा है। हालांकि सरकारी गोदामों से खाद्यान्न गांव-गांव तक राशन डीलरों के पास पहुंच चुका है लेकिन ई-पॉश मशीनों में तकनीकी खराबी के चलते राशन वितरण शुरू नहीं हो सका है।
गल्ला विक्रेता गुरु प्रसाद उनियाल, भागीराम, जयेंद्र सिंह भंडारी, सुरेश कुमार आर्य और सुभाष चुनार ने बताया कि उन्होंने सरकारी खाद्यान्न भंडार से निर्धारित मात्रा में राशन का उठान कर लिया है लेकिन ई-पॉश मशीन पर स्टॉक रिसीव नहीं हो रहा है। इसके कारण उपभोक्ताओं को राशन वितरण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में सीलन और उमस के कारण गोदामों एवं दुकानों में रखा खाद्यान्न खराब होने की आशंका बनी हुई है।
वहीं राशन लेने पहुंच रहे ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में खाद्यान्न निरीक्षक रमेश खरोला ने बताया कि ई-पॉश मशीनों में आई तकनीकी समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।