पेप्सी कप क्रिकेट टुर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फायर राइडर्स को 5 रन से शिकस्त देकर राधिका मेडिकल क्लब ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। मुकाबले में नॉट आउट 46 रन की पारी और तीन विकेट चटकाकर ऑल राउंडर प्रदर्शन करने वाले राधिका मेडिकल क्लब के खिलाड़ी देवराज मराठा को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आजाद मैदान पर चल रहे पेप्सी कप क्रिकेट टुर्नामेंट में राधिका मेडिकल क्लब और फायर राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर राधिका मेडिकल क्लब के कप्तान अवधेश चमोली ने पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। राधिका मेडिकल क्लब की टीम 16 ओवर में 111 रन ही बना पाई।
देवराज मराठा ने 46 रनों की नॉट आउट पारी खेली। फायर राइडर्स की ओर से कुशाल ने तीन विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी फायर राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फायर राइडर्स की पूरी टीम मैच में 4 गेंदे शेष रहते हुए 106 रनों पर आल आउट हो गई।
इस मौके पर आजाद मैदान पर 14 दिसंबर को संपन्न हुई गंगोत्री चैंपियंस ट्रॉफी के शेष पुरस्कार वितरित किए गए, जिसमें गंगोत्री चैंपियंस ट्रॉफी की आयोजन समिति की ओर से राधिका मेडिकल क्लब के कप्तान अवधेश चमोली को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ कप्तान का अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।