अभिभावक संघ बोला, दोनों शिक्षकों के जाने से बच्चों की पढ़ाई होगी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी। राजकीय अटल आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी में दो शिक्षकों के तबादले का अभिभावक संघ ने विरोध किया। अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय में वर्तमान में 150 से अधिक छात्र-छात्राएं हैं। अगर शिक्षकों का तबादला होता है तो पढ़ाई तो प्रभावित होगी ही साथ ही छात्र संख्या में भी कमी आएगी। अभिभावक संघ ने जिलाधिकारी सहित जिला शिक्षा अधिकारी से शिक्षकों का तबादला रोकने की मांग की। कहा अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनिल राणा सहित विनोद राणा, जयवीर सिंह, पिंकी राणा आदि ने कहा कि राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित चार शिक्षकों की तैनाती है। इसमें से एक शिक्षक का पद पूर्व से ही रिक्त है। अब शिक्षा विभाग ने नियमावली के तहत दो शिक्षकों का तबादला कर दिया है। इसमें से एक शिक्षक का मानसून के बाद तबादला हो जाएगा तो वहीं दूसरे शिक्षक कुछ माह बाद चले जाएंगे। अनिल राणा ने बताया कि शिक्षकों की सात वर्षों की मेहनत के बाद स्कूल में छात्र संख्या 150 हुई है। अगर शिक्षकों का तबादला होता है तो छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होगी।