शनिवार को दिनभर बारिश के चलते पुलिस भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। बारिश के कारण केवल लंबाई व छाती माप प्रक्रिया ही संपन्न हो पाई। अन्य गतिविधियां रविवार को होंगी।
बीते 15 जून से मनेरा खेल विभाग के स्टेडियम में पुलिस के पुरुष आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पुलिस विभाग ने प्रत्येक दिन के लिए 500 अभ्यर्थियों का ग्रुप बनाया है। शनिवार को 500 अभ्यर्थियों में से 349 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। 151 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बारिश के चलते केवल लंबाई व छाती माप प्रक्रिया ही संपन्न हो पाई। इस प्रक्रिया में 38 अभ्यर्थी असफल रहे। वहीं सोमवार से पुलिस लाइन ज्ञानसू में महिला आरक्षी पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। एसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि शनिवार को बारिश के कारण जो प्रक्रियाएं संपन्न नहीं हो पाई हैं, वह रविवार को संपन्न होंगी। संवाद