त्योहारों के लिए पुलिस ने तय किया ट्रैफिक प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी। धनतेरस व दीपावली के मद्देनजर पुलिस ने मुख्य बाजारों में प्रवेश के लिए ट्रैफिक प्लान तय किया है। आंतरिक मुख्य बाजारों में किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात निरीक्षक राजेंद्र नाथ ने बताया कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार मातली से ज्ञानसू जाने वाले वाहनों को जोशियाड़ा पार्किंग व ज्ञानसू टैक्सी स्टैैंड के नीचे पार्क किया जाएगा। यहां से लोग पैदल ही नजदीकी बाजार जाकर खरीदारी कर सकेंगे। मानपुर से आने वाले वाहनों को इंद्रावती पुल के पास वाली पार्किंग में पार्क किया जाएगा। भटवाड़ी व गंगोत्री बाजार से आने वाले टैक्सी वाहनों को भद्री स्टैंड से नीचे आने की मनाही रहेगी। निजी वाहनों को संस्कृत महाविद्यालय से भद्री स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर पार्क किया जाएगा। यातायात अधिक बढ़ने पर तेखला पुल से यातायात को डायवर्ट कर इंद्रा पार्किंग व जोशियाड़ा पार्किंग में पार्क किया जाएगा। गंगोत्री जाने वाले यात्री वाहन पूर्व की भांति बड़ेथी बाईपास से मनेेरा-बैराज-विकास भवन-मांडों तेखलता होते हुए जाएंगे। गंगोत्री से वापस आने वाले वाहन तेखला- मांडो-मानपुर तिराह-जोशियाड़ा विकास भवन होते हुए मनेरा से बड़ेथी बाईपास निकलेंगे।