डुंडा प्रखंड के गाजणा क्षेत्र में रायमेर में 37 साल से संचालित जिला सहकारी बैंक की शाखा को धौंतरी शिफ्ट करने की तैयारी पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपकर बैंक शाखा को यथावत रखने की मांग की है।
मट्टी गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमवती प्रसाद पैन्यूली ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र के बीस दूरस्थ गांवों के ग्रामीणों को इस बैंक से सुविधा मिल रही है। कहा कि बैंक को यहां से हटाए जाने से क्षेत्र के ग्रामीण बैंकिंग सुविधा से वंचित हो जाएंगे। साथ ही पेंशन लाभार्थियों को भी पेंशन के लिए करीब बीस किमी दूर धौंतरी की दौड़ लगानी पड़ेगी। उन्होंने बैंक शाखा शिफ्ट करने का विरोध करते हुए सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही बैंक शाखा को शिफ्ट करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ब्यूरो