उत्तरकाशी के मनेरा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता ट?
- फोटो : UTTER KASHI
विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में मनेरा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय फुटबाूल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मनेरा स्टेडियम-ए और बालिकाओं में स्पोर्ट्स हॉस्टल उत्तरकाशी की टीम चैंपियन बनी। बीआरओ टास्क फोर्स के कमांडर सुनील श्रीवास्तव ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
दो दिनों तक चली अंडर-16 आयुवर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मनेरा स्टेडियम बी ने ज्ञानसू को 3-0 के अंतर से पराजित किया। जबकि, दूसरे सेमीफाइनल में मनेरा स्टेडियम ए ने यूथ फुटबॉल एकेडमी को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मनेरा स्टेडियम ए और बी की टीम के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं। पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर छूटा। इसके बाद सडन डेथ में मनेरा स्टेडियम-ए ने बी टीम को 4-3 से पराजित कर खिताब जीत लिया।
बालिका वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल उत्तरकाशी की टीम ने मनेरा स्टेडियम को 4-0 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। स्पोर्ट्स हॉस्टल की ओर से नितिका चौहान ने तीन और श्रृष्टि ने एक गोल किया। उपक्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत एवं निधि ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिले की टीम में किया गया है। बालक वर्ग की टीम 28 सितंबर से स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में आयोजित जूनियर बालक वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
जबकि, बालिकाओं की टीम नवंबर माह में उत्तरकाशी में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इस मौके पर बीआरओ के ओमकैलाश, खेल प्रशिक्षक कृष्णा रमोला, प्रशांत नौटियाल, आरती कलूड़ा, कविता रावत, जितेंद्र सिंह, राकेश कलूड़ा, सुरेंद्र सिंह, श्रीकांत बडोनी, विनोद कुमार, प्रकाश रोनी, दीपक कौशिक आदि मौजूद रहे।