आठ से 14 अक्तूबर तक रामलीला मैदान में होगा आयोजित
उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में सैनिक दीपावली मेल का आयोजन 8 से 14 अक्तूबर तक होगा। मेले में इस बार अंतर विद्यालयी सांस्कृतिक प्रतियोगिता के माध्यम से सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के छात्रों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही मेले का मुख्य आकर्षण लक्की ड्रा रहेगा। इसमें एक कार के साथ ही एक मोटरसाइकिल, दस ग्राम सोना व दो स्कूटी होंगी।
विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पिछले वर्ष मेले का आयोजन नहीं हो पाया था लेकिन इस वर्ष मेला आयोजन को लेकर सभी तैयारियां चल रही है। मेले के आयोजन के लिए प्रशासन से लेकर पालिका व अग्निशमन आदि विभागों से अनुमति ले ली गई है। मेला आयोजन से प्राप्त आय बलिदानी सैनिकों की वीरांगनाओं व उनके आश्रितों की कल्याणकारी योजनाओं में खर्च किया जाता है।
मेले में शुरुआती छह दिन लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिसमें अंतर विद्यालयी प्रतियोगिता के जूनियर में तीन से पांच, इंटरमीडिएट में छह से आठ व सीनियर वर्ग में नौ से 12 के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे। छात्रों के लिए युद्ध व पुरस्कार विषय पर क्विज का भी आयोजन होगा। वहीं 300 रुपये के टिकट में कार समेत बाइक, दस ग्राम सोना, स्कूटी, लैपटाॅप, फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन आदि जीतने का मौका होगा। मेले में पुजारगांव धनारी की टीम की ओर से अभिमन्यु चक्रव्यूह का मंचन किया जाएगा। साथ ही सैनिक बैंड, हथियारों की प्रदर्शनी, मैजिक शो व आईटीबीपी व ग्रिफ की ओर से स्टाॅल लगाए जाएंगे।