नौगांव (उत्तरकाशी)। जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित किसान ऋण मेले में 304 काश्तकारों को कुल 2 करोड़ 74 लाख 82 हजार रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए। इस दौरान किसानों को बैंक और सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
ब्लॉक सभागार में आयोजित किसान ऋण मेले का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा और राज्य मंत्री श्याम डोभाल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि जिला सहकारी बैंक किसानों और ग्राहकों के लिए ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि नौगांव विकासखंड में संचालित तीन सहकारी बैंकों के माध्यम से 304 काश्तकारों को 2.74 करोड़ से अधिक के ऋण चेक वितरित किए गए। उन्होंने किसानों से सहकारी बैंक और समितियों की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर महाप्रबंधक किशोर कुमार, शाखा प्रबंधक स्वाति भंडारी, रविंद्र रावत, पूर्व विधायक मालचंद, केदार सिंह रावत, विजय बंधानी मौजूद रहीं। संवाद