कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए तैयार कोविड फ्री उत्तरकाशी एप का शुभारंभ डीएम मयूर दीक्षित व एसपी मणिकांत मिश्रा ने किया। पुलिस की ओर से तैयार मोबाइल एप के जरिए कोरोना के लक्षण दिखाई देने पर कोई भी व्यक्ति डॉक्टर से निशुल्क सलाह व मेडिकल किट प्राप्त कर सकते हैं।
रविवार को एसपी कार्यालय में आयोजित सोशल मीडिया संवाद कार्यक्रम में डीएम मयूर दीक्षित व एसपी मणिकांत मिश्रा ने संयुक्त रूप से कोविड फ्री उत्तरकाशी एप का शुभारंभ किया। एसपी मिश्रा ने बताया कि एप के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के लक्षण जैसे खांसी, बुखार, जुकाम, सर्दी आदि दिखने पर कोई भी व्यक्ति मदद मांग सकता है। हल्के लक्षणों पर मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। बताया कि एप पर विभिन्न नंबर भी दिए गए हैं। डीएम मयूर दीक्षित ने महामारी से निपटने के लिए एप को उपयोगी बताते हुए पुलिस की सराहना की। इस मौके पर डा.बीएस धर्मशक्तू, इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल आदि मौजूद रहे।