वाहन चालकों और राहगीरों के लिए बना है खतरा
जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बड़े हादसे से नहीं किया जा सकता है इन्कार
उत्तरकाशी। नगर क्षेत्र के जोशियाड़ा मोटर पुल की दाईं ओर स्थित मार्ग पर करीब छह मीटर लंबी सुरक्षा रेलिंग कई दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। रेलिंग टूटने से राहगीरों और वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया वाहन सवारों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां किसी बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
जोशियाड़ा मोटर पुल नगर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। पुल की दाईं ओर मार्ग के किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग का एक हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके बावजूद अभी तक संबंधित विभाग की ओर से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। रेलिंग टूटने से सड़क के किनारे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ गई है।
इससे रात के समय और बारिश के मौसम में दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। स्थानीय निवासी अनुराग रांगड़, मनीष राणा, जावेद खान, यशपाल बिष्ट, मनोज रांगड़ आदि ने कहा कि बड़े और दोपहिया वाहन चालक अक्सर मार्ग से गुजरते हैं और जरा सी चूक किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। पूर्व में भी इस स्थान पर दुर्घटना हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
कहा कि कई बार मौखिक रूप से शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षतिग्रस्त रेलिंग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। यदि समय रहते रेलिंग को दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, अधिशासी अधिकारी शालिनी चित्राण ने बताया कि जोशियाड़ा मोटर पुल के पास रेलिंग क्षतिग्रस्त होने की जानकारी प्राप्त हुई है। जेई को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रेलिंग की मरम्मत कराई जाएगी।