पुरोला विधायक राजकुमार ने नगर पंचायत नौगांव में नियमित पेयजल आपूर्ति न होने पर जल संस्थान के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
बुधवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में पुरोला विधायक राजकुमार ने विकास कार्यों की समीक्षा की। जल जीवन मिशन में योजनाओं पर हो रही लीपापोती की शिकायत पर विधायक ने कहा कि धरातल पर काम नहीं मिला, तो जेल जाने की नौबत भी आ सकती है। विधायक राजकुमार ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी नहरों पर सीजन से पहले पानी चला कर खेतों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मंजियाली, सुनारा, कंसोला मोटर मार्ग पर निविदा निकालने के छह माह बाद भी कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई।
बैठक में एसडीएम चतर सिंह चौहान, बीडीओ शशि भूषण, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल, ईई लोनिवि संजय सिन्हा, प्रशांत पंत, राजेश पंत, डॉ. निधि रावत, एसडीओ देवराज तोमर, रेंजर कन्हैया बेलवाल, सुनील रावत आदि मौजूद रहे।