बीते दिनों में जंगलों में बढ़ती आग की घटनाओं और अभी मई-जून में फायर सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम तेज कर दिए हैं। डीएम श्रीधर बाबू अद्दांकी ने सभी डीएफओ को इंसिडेंट कमांडर तैनात करने तथा राजस्व समेत कई अन्य विभागों के कर्मचारियों को आग से निपटने में वन विभाग का सहयोग करने के निर्देश जारी किए हैं।
आपदा प्रबंधन अधिनियम में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए डीएम अद्दांकी ने सभी डीएफओ को अपने-अपने क्षेत्र में जंगल की आग की रोकथाम के लिए इंसिडेंट कमांडर तैनात करने और दिन में दो बार दावानल की रिपोर्ट आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम को मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही उन्होंने राजस्व तथा लोनिवि, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन, युवा कल्याण आदि विभागों को भी जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग का सहयोग करने को कहा है। दावानल की बढ़ती घटनाओं और भविष्य में संवेदनशीलता को देखते हुए डीएम ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।