सैनिक कल्याण एवं जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने खनिज फाउंडेशन न्यास के तहत जिले में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ की सैद्धांतिक स्वीकृति दी। साथ ही उन्होंने कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए अस्पताल में बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
शनिवार को प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शासी परिषद एवं प्रबंध समिति की वर्चुअल बैठक की। जिसमें उन्होंने जिले में खनन से प्रभावित क्षेत्र के लिए खनिज फाउंडेशन न्यास के तहत विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये के कार्यों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी। यह बजट स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल आदि पर खर्च किया जाएगा। बैठक में उन्होंने जिले में कोविड महामारी से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों में संक्रमण की आशंका को देखते हुए अस्पताल में बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि जिला अस्पताल में बच्चों के लिए दस बेड अलग से तैयार किए जा रहे हैं। सीएचसी में 150 एलपीएम के ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। बैठक में समिति के सदस्य पुरोला विधायक राजकुमार, एडीएम तीर्थपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाह आदि शामिल हुए।