नौगांव (उत्तरकाशी)। क्षेत्र में गैस की किल्लत थमने का नाम नहीं ले रही है। अव्यवस्थाएं को लेकर स्थानीय प्रशासन की चुप्पी से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। क्षेत्र में संचालित गढ़वाल मंडल विकास निगम की यूनिट भारत गैस गोदाम में करीब 150 उपभोक्ताओं को आठ घंटा इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा।
एजेंसी की लापरवाही और झूठी सूचना से उपभोक्ता पूरे दिन परेशान रहे। जब गैस सिलिंडर की गाड़ी नहीं आने की सूचना मिली तो उपभोक्ता निराश होकर लौटे। उपभोक्ता अनिल कुकरेजा, मुकेश, सरदार सिंह, खजान सिंह, प्रियंका, अनिता, वंदना का कहना है कि उन्हें पहले गैस वितरण की सूचना दे कर लाइन लगाने के लिए कहा गया। उपभोक्ता लाइन लगा कर खड़े हुए थे कि कुछ समय बाद भारत गैस के कर्मचारी स्पष्ट बात बताए गोदाम में ताला लगा कर बड़कोट चले गए जिससे उन्हें आठ घंटे तक दुविधा में रखा गया।
भारत गैस गोदाम में सुबह से खड़े नगर पंचायत सहित सुनारा, कोटियालगांव, मंजियाली, कंसोला, पलेठा, बगासु गांव के उपभोक्ताओं को खाली हाथ गांव लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना था कि नौगांव में दस दिनों से गैस नहीं बांटी गई है। कई उपभोक्ता रोज गैस गोदाम के चक्कर काट रहे हैं।