नई टिहरी। खेल निदेशालय एवं जिला प्रशासन की पहल पर जिला स्तरीय अनुसूचित जाति अंडर-19 बेसबॉल बालक वर्ग की प्रतियोगिता में ढुंगीधार और बालिका वर्ग में जाखचौरा की टीम विजेता बनी।
बौराड़ी स्टेडियम में अनुसूचित जाति बालक-बालिका वर्ग अंडर-19 बेसबॉल प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। बालक वर्ग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजकीय इंटर कॉलेज ढुंगीधार और जीआईसी जाखचौरा की टीम के बीच खेला गया जिसमें ढुंगीधार की टीम ने जाखचौरा की टीम को 6-2 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।
बालिका में में जाखचौरा की टीम ने ढुंगीधार की टीम 3-2 से हराकर जीत दर्ज हासिल की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मनीष राणा, सभासद विनीत उनियाल ने विजेता टीमों को मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया। बेसबॉल फेडरेशन के जिला अध्यक्ष भीम लाल निराला ने छात्रों से बेसबॉल प्रतियोगिता बढ़चढ़ कर प्रतिभाग करने को कहा। इस मौके पर सचिव यजुवेंद्र चौहान, खेल मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री, कमल नयन रतूड़ी, राकेश चौहान, यशपाल सिंह रावत, राजेंद्र प्रसाद डोभाल, रेफरी मनोज नेगी, चंद्रमोहन अमोला आदि मौजूद थे। संवाद