ग्राम पंचायत गंवानाग की बैठक में लिया गया निर्णय
उत्तरकाशी। भंडारस्यू पट्टी के ग्राम पंचायत गंवानाग की बैठक में शादी समारोह सहित अन्य मांगलिक कार्य में शराब परोसने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोई परिवार नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ ग्राम पंचायत की ओर से पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। साथ ही उस परिवार पर 50 हजार का अर्थदंड भी वसूला जाएगा।
डुंडा ब्लॉक के गंवानाग में ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की खुली बैठक आयोजित की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि गांव में शादी, जन्मदिन, मुंडन, व्यक्तिगत और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पूर्णता प्रतिबंध रहेगी जिसमें किसी भी प्रकार के आयोजन में आयोजन पक्ष की ओर से सार्वजनिक रूप से मेहमानों एवं ग्रामवासियों को शराब नहीं परोसी जाएगी।
यदि किसी आयोजित पक्ष द्वारा नियमों या निर्णयों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ ग्राम पंचायत की ओर से पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उस पक्ष की होगी। ग्रामीणों ने एक निगरानी समिति का चयन भी किया। इस मौके पर शूरवीर चंद्र रमोला, सरोज रमोला, दिगपाल चंद्र रमौल, कुलदीप चंद्र रमोला, गणेश रमोला, मनदीप रमोला, परशुराम खंडूरी, ममराज सजवाण आदि मौजूद रहे।