हीना गांव में गंगोत्री हाईवे के किनारे चल रही मीट की दुकानें शराबियों का अड्डा बनती जा रही हैं। इससे गांव का माहौल खराब होने तथा गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने मीट की दुकानें बंद करने की मांग की है।
बता दें कि भटवाड़ी ब्लाक के हीना गांव में वर्षों से मीट की दुकान चल रही है। इसके आसपास खुले ढाबों में मीट के साथ शराब परोसे जाने से हीना गांव शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। इसे देखते हुए ग्रामीण लंबे समय से मीट की दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं।
शनिवार को चार धाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरतराम नौटियाल के नेतृत्व में डीएम से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि सिर्फ मीट की दुकान के आसपास खुले ढाबों में ही नहीं, गंगा किनारे खुले में भी लोग मीट और शराब की पार्टियां करते हैं।
पूर्व में प्रशासन से मांग करने पर लाइसेंस की अवधि समाप्त होने पर मीट की दुकान बंद करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों में भी इसका गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने डीएम से शीघ्र मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में कुसुम बिष्ट, विजयपाल मखलोगा, सुशीला देवी, मनवर सिंह, गंगा सिंह आदि शामिल थे।