संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी। शहर के जोशियाड़ा हेलिपैड से बृहस्पतिवार को बहुप्रतिक्षित हेलीसेवा का शुभारंभ हुआ। देहरादून के सहस्त्रधारा हेलिपैड से उड़ान भरकर यहां पहुंचे हेलिकॉप्टर के पायलटों का लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
बृहस्पतिवार को जोशियाड़ा हेलिपैड से हेली सेवा के शुभारंभ पर ऊर्जा निगम स्थित कार्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिए जोशियाड़ा हेलिपैड से हवाई सेवा का उद्घाटन किया।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जोशियाड़ा हेलिपैड पर हवाई सेवा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कहा कि हेली सेवा शुरू होने से आम आदमी को भी हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। वहीं, आपातकालीन स्थिति में भी यह सेवा कारगर साबित होगी। कार्यक्रम में बताया गया कि 13 नवंबर से जोशियाड़ा और सहस्त्रधारा के बीच नियमित हवाई सेवा चलेगी, जिसका सहस्त्रधारा से जोशियाड़ा के लिए उड़ान भरने का समय दोपहर 12 बजे और जोशियाड़ा पहुंचने का समय 12:41 रहेगा।
वहीं, जोशियाड़ा से सहस्त्रधारा उड़ान भरने का समय दोपहर 1 बजे और सहस्त्रधारा पहुंचने का समय 1:41 रहेगा, जिसका शुरुआती किराया तीन हजार रुपये रखा गया है। इस मौके पर डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, एसपी अमित श्रीवास्तव, सीडीओ एलएल सेमवाल, एसडीएम मुकेश चंद रमोला, डुंडा प्रमुख शैलेंद्र कोहली, भटवाड़ी मौजूद रहे। बता दें कि यह हेलिपैड इसी साल करीब 90 लाख की लागत से तैयार हुआ था, जिसका निर्माण कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग ने कराया है।
पहले दिन ही दिखी अव्यवस्था
जोशियाड़ा हेलिपैड पर शुभारंभ के दिन ही अव्यवस्था हावी रही। यहां हेलिकॉप्टर के उतरते ही लोग उसके बहुत करीब पहुंच गए। तब पायलटों को लोगों को हेलिकॉप्टर से पीछे रहने और उड़ान के लिए हेलिपैड खाली करने का अनुरोध करना पड़ा, लेकिन कई लोग हेलिकॉप्टर के साथ सेल्फी लेते नजर आए। पुलिसकर्मियों के भी व्यवस्था बनाने में हाथ-पांव फूले। इधर, हेलिकॉप्टर से विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक अनुज वालिया और बजरंग दल के अजय को भी रवाना होना था। वे हेलिकॉप्टर में सवार भी हो गए थे, लेकिन यात्रियों की पहले से तैयार सूची में नाम नहीं होने के चलते उन्हें मन मसोस कर रहना पड़ा।