उत्तरकाशी। डुंडा के जुणगा में बालिका शिक्षा को मजबूत करने के लिए एक प्रेरणादायक पहल हुई। बालिका शिक्षा केंद्र जुणगा में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की गई जिसमें शिक्षा, सहभागिता और सामुदायिक सहयोग का अच्छा उदाहरण देखने को मिला।
बैठक में बालिकाओं की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, शिक्षण गुणवत्ता और केंद्र के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानाचार्य अन्नराज सिंह भंडारी ने केंद्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक पंखा, 10 गद्दे और एक जालीदार दरवाजा प्रदान किया। वहीं चरण सिंह भंडारी ने 2100 रुपये की सहयोग राशि देकर योगदान दिया।
ग्राम प्रधान अनिल सिंह भंडारी ने भी शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए शिक्षिका पूजा कैंतुरा को ग्राम पंचायत की ओर से 2000 रुपये प्रतिमाह सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही गांव के उज्ज्वल भविष्य की असली बुनियाद है। बैठक का एक अहम पहलू विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन भी रहा जिसमें सर्वसम्मति से राजेंद्री देवी को अध्यक्ष और कंचन नेगी को उपाध्यक्ष चुना गया। संवाद